चित्तौड़गढ़। पूर्व नगर परिषद सभापति संदीप शर्मा को लॉरेंस विश्नोई गैंग से जुड़ा होने का दावा करने वाले व्यक्ति द्वारा जान से मारने की धमकी दिए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। यह धमकी 14 जनवरी को दोपहर 12 बजकर 26 मिनट पर एक अनजान नंबर से वॉट्सऐप वॉइस कॉल के जरिए दी गई।
कॉल करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम हैरी बॉक्सर बताते हुए स्वयं को कुख्यात लॉरेंस विश्नोई गैंग से जुड़ा बताया। कॉल के दौरान उसने संदीप शर्मा और उनके पूरे परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी, जिससे वे और उनका परिवार दहशत में आ गए।
धमकी देने वाले ने कहा कि उसने संदीप शर्मा और उनके परिवार की पूरी जानकारी जुटा ली है और उनकी रैकी भी कर रखी है। उसने दावा किया कि यदि चाहें तो तत्काल जान ले सकता है और 24 घंटे के भीतर संपर्क न करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। कॉल के बाद एक वॉइस मैसेज भी भेजा गया, जिसमें हत्या की धमकी दोहराई गई।
धमकी मिलने के तुरंत बाद संदीप शर्मा ने सदर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिस नंबर से कॉल और वॉइस मैसेज भेजे गए, उसकी तकनीकी जांच की जा रही है तथा कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि धमकी किसी संगठित अपराध गिरोह से जुड़ी है या फिर किसी शरारती तत्व द्वारा डराने के उद्देश्य से दी गई है।
एहतियातन पुलिस द्वारा संदीप शर्मा के निवास और होटल के बाहर सुरक्षा बढ़ाते हुए बैरिकेट्स लगाए गए हैं।
पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां
गौरतलब है कि इससे पहले जिले में रोहित गोदारा गैंग के नाम से कन्हैयालाल खटीक और रावतभाटा के एक ठेकेदार को भी धमकियां मिल चुकी हैं। इन मामलों में चित्तौड़गढ़ कोतवाली थाना और रावतभाटा थाने में अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए थे। प्रदेश के कई जिलों में इस तरह रंगदारी मांगने और धमकाने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। हाल ही में हरियाणा में ऐसी ही धमकियों के बाद एक हत्या की घटना भी हो चुकी है।












